पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। कोयरा गांव के बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसी बीच बीमारी से पीड़ित चार वर्षीय संजीव सबर की शुक्रवार देर रात मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा पिछले कई दिनों से बीमार था और उसे मलेरिया के साथ पीलिया की भी शिकायत थी।
जानकारी के अनुसार, संजीव सबर सुरेंद्र सबर का पुत्र था। उसका इलाज नीमडीह के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, गांव के दो अन्य मासूम बच्चों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम सक्रिय हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने एंबुलेंस के माध्यम से गंभीर बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से गांव में मरीजों की जांच और दवा वितरण भी किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, टोले में एक दर्जन से अधिक लोग मलेरिया से पीड़ित हैं। लगातार बढ़ते बीमारी के मामलों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य जांच, बेहतर इलाज और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत जताई है।





Leave a comment