झारखंड की सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को रांची में सीबीआई की टीम ने केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के आवास पर पहुंचकर करीब आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान टीम ने अजय तिर्की से पूछताछ की और मामले से जुड़े कई दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने अजय तिर्की के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की गई। वहीं, टीम ने अजय तिर्की का बयान भी दर्ज किया।
इस मामले में सीबीआई की एक अन्य टीम ने ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर भी जांच की। इसके अलावा पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित निशा भगत के आवास पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन को रीक्रिएट कर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
गौरतलब है कि 6 नवंबर को निशा भगत की मौत हुई थी। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर जमीन से जुड़े विवाद और कथित प्रताड़ना को लेकर कई आरोप लगाए थे। इसके बाद उनके परिजनों ने मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ली है।
फिलहाल सीबीआई विभिन्न पहलुओं, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस मामले में जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।





Leave a comment