वेतन भुगतान में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और SIR कार्यों को समयबद्ध पूरा करने का निर्देश

हजारीबाग। नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाने की दिशा में नगर आयुक्त श्री ओमप्रकाश गुप्ता लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को उनकी अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में स्थापना एवं कार्मिक, शहरी स्वास्थ्य तथा निर्वाचन विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकारी कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और आम नागरिकों तथा कर्मचारियों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त ने स्थापना एवं कार्मिक विभाग की समीक्षा के दौरान नगर निगम के सभी बकाया कर्मियों के वेतन का सामूहिक रूप से भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी का वेतन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराना प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
वहीं, शहरी स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की नियमित एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता बनी रहे, ताकि इलाज के लिए पहुंचने वाले आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।
निर्वाचन विभाग की समीक्षा के दौरान SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि आगामी 18 नवंबर को आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की बैठक में सभी BLO अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही बैठक से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं हो।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त श्री ओमप्रकाश गुप्ता ने तीनों विभागों के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया। उनकी अध्यक्षता में आयोजित यह साप्ताहिक समीक्षा बैठक नगर निगम की प्रशासनिक गतिविधियों पर नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और कार्यों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का हिस्सा रही।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सहायक नगर आयुक्त श्री विपिन कुमार, नगर प्रबंधक श्री संतोष कुमार, प्रधान सहायक श्री निरंजन सिंह, सहायक श्रीमती निधि कुमारी, बिल क्लर्क श्री विनोद कुमार सहित नगर निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।





Leave a comment