
नगर आयुक्त की पहल पर शहर में चलेगा 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान, ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से गूंजेगा स्वच्छता का संदेश, तालाबों की सफाई के लिए तैनात होंगे अलग-अलग नोडल पदाधिकारी
हजारीबाग। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर हजारीबाग को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ी और सराहनीय पहल की है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई गति देने तथा आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से हजारीबाग नगर निगम 15 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाने जा रहा है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह अभियान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

अभियान की रूपरेखा तैयार करने को लेकर 14 नवंबर को नगर निगम कार्यालय सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार पांडेय, विपिन कुमार, सभी नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान को प्रभावी, व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
नगर आयुक्त ने स्वच्छता अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ आयोजित करने का निर्णय लिया। इसके तहत न्यू समाहरणालय से गांधी स्मारक झील तक स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस दौड़ के माध्यम से शहरवासियों, युवाओं और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर हजारीबाग निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
अभियान का एक प्रमुख आकर्षण शहर के सभी तालाबों की विशेष साफ-सफाई भी होगी। इसके लिए नगर निगम ने जिम्मेदारी तय करते हुए प्रत्येक तालाब के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने तालाबों की साफ-सफाई, निगरानी एवं अभियान से जुड़ी आवश्यक गतिविधियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही स्वच्छता कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर आयुक्त की कार्यशैली में योजनाबद्ध तैयारी, अधिकारियों की जवाबदेही और जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर को स्वच्छता अभियान से जोड़ना उनकी दूरदर्शी सोच और शहर के प्रति सकारात्मक कार्यदृष्टि को दर्शाता है। खास बात यह है कि अभियान में केवल निगम के संसाधनों पर निर्भर रहने के बजाय आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जगी है कि शहर के तालाबों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता की नई तस्वीर देखने को मिलेगी। नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि हजारीबाग की पहचान केवल ऐतिहासिक और प्राकृतिक सुंदरता से ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, सुव्यवस्था और नागरिक जागरूकता से भी बने।
झारखंड स्थापना दिवस पर नगर निगम का यह 15 दिवसीय अभियान हजारीबाग को स्वच्छता की नई पहचान देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।





Leave a comment