
रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु
पतरातू भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पीवीयूएनएल (PVUNL) की ओर से बिरसा मुंडा आवासीय परिसर, पतरातू में स्थानीय प्रतिभा सम्मान-सह-पारंपरिक वाद्य यंत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री रोशन लाल चौधरी ने झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पीवीयूएनएल द्वारा परियोजना से प्रभावित एवं निकटवर्ती सभी 13 गांवों में पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वितरण करने तथा स्थानीय कलाकारों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।
विधायक ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों से है। मांदर, नगाड़ा, ढोलक और शहनाई जैसे वाद्य यंत्र हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत के अभिन्न अंग हैं। इन परंपराओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पीवीयूएनएल की यह पहल निश्चित रूप से स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोक कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।
समारोह के दौरान क्षेत्र के सभी 13 परियोजना निकटवर्ती गांवों (PTVs) को मांदर, नगाड़ा, ढोलक, शहनाई एवं झुनझुना सहित विभिन्न पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही झारखंड की लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्थानीय पारंपरिक कलाकारों को सम्मानित किया गया। पंचायतों के मुखियाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने सामुदायिक विकास के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष, महाप्रबंधक (परियोजना), मानव संसाधन विभागाध्यक्ष (HOHR), अनुसूचित जाति/जनजाति एसोसिएशन के महासचिव सहित बड़कुदर, जयनगर, लबगा, कोतो, कटिया, सांकुल, पंचमंदिर, पतरातू, शाह कॉलोनी, हेसला एवं हनुमानगढ़ी के मुखिया, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि स्थानीय समाज की पहचान, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करना है। पीवीयूएनएल की यह पहल इसी दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है।





Leave a comment