सर्विलांस से जंगल में चिह्नित किए गए अवैध खनन स्थल; 13 प्रकार की मशीनरी एवं उपकरण जब्त, कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य लगभग 4.95 लाख रुपये
हजारीबाग। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के केदला परियोजना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं भंडारण के विरुद्ध सीआईएसएफ ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट श्री अमित कुमार के निर्देश एवं मार्गदर्शन में दिनांक 25 नवंबर 2026 को सहायक कमांडेंट श्री हर्ष लवानिया के नेतृत्व में तथा सीसीएल चरही के महाप्रबंधक श्री कल्याण जी प्रसाद के समन्वय एवं सहयोग से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार एवं इंस्पेक्टर आर.के. सिन्हा सहित सीआईएसएफ के 42 बल सदस्यों ने भाग लिया।
यह कार्रवाई हजारीबाग जिले के झारखंड ओसीपी (JOCP), केदला परियोजना क्षेत्र के आसपास स्थित जंगल एवं CCL की लीज क्षेत्र में की गई। अभियान के दौरान अवैध रूप से उत्खनित एवं भंडारित कुल 96.330 मीट्रिक टन कोयला बरामद किया गया। बरामद कोयले का मूल्य 2,545 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से कुल 2,45,159.85 रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई में लगभग पांच हाईवा की मदद से बरामद कोयले को सुपुर्दगी हेतु सीसीएल प्रबंधन को सौंपा गया।
अभियान के दौरान ड्रोन के माध्यम से जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में निगरानी की गई, जिसमें अवैध खनन के कई स्थलों की पहचान की गई। इसके बाद सीसीएल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए डोजर की सहायता से चिह्नित स्थलों पर अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से आवश्यक कार्रवाई की गई तथा अवैध खनन से संबंधित संरचनाओं को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त विभिन्न मशीनरी एवं उपकरण भी जब्त किए गए। इनमें 06 ड्रिल मशीन, 01 भट्ठी, 02 चेंजर, 01 होंडा पंप, 02 डिलीवरी पाइप, 02 सेक्शन पाइप, 01 पांच एचपी पंप, 01 हीरो जनरेटर, 03 टगरियां, 01 साइकिल, 15 किलोवाट का 01 कैनन जनरेटर (हैंडल सहित), लगभग 30 मीटर तार तथा 03 बेलचे शामिल हैं। इन 13 प्रकार की सामग्रियों का अनुमानित मूल्य 2,50,000 रुपये आंका गया है।
इस प्रकार बरामद कोयले एवं जब्त मशीनरी तथा अन्य उपकरणों का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 4,95,160 रुपये है। बरामद कोयले एवं जब्त सामग्रियों को अग्रिम आवश्यक कार्रवाई एवं अभिलेखीय प्रक्रिया के लिए सीसीएल झारखंड ओसीपी प्रबंधन को सुपुर्द किया गया ।
इस पूरे छापेमारी अभियान के दौरान सीसीएल चरही क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री कल्याण जी प्रसाद, झारखंड ओसीपी (JOCP) के परियोजना पदाधिकारी (PO) श्री मनोज सिंह तथा चरही क्षेत्र के सहायक सुरक्षा अधिकारी (ASO), वर्तमान प्रभार श्री राजकुमार पूरे समय छापेमारी स्थल पर मौजूद रहे। इनके द्वारा अभियान के दौरान आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय सुरक्षा निरीक्षक श्री मनेही राजभर, इंस्पेक्टर आर.के. विमल, इंस्पेक्टर ईश्वरी उरांव एवं वरुण साह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की भी सहभागिता रही।
इस संबंध में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
सीआईएसएफ कमांडेंट श्री अमित कुमार के नेतृत्व में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीसीएल प्रबंधन के सहयोग से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से अवैध कोयला खनन एवं भंडारण में संलिप्त गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।





Leave a comment