गिरिडीह जिला के धनवार थाना क्षेत्र स्थित मायाराम टोला से लापता 12 वर्षीय आयुष कुमार का शव शनिवार को नौलखा डेम के समीप एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। बताया गया कि आयुष 11 फरवरी से घर से लापता था। परिजन और ग्रामीण बीते चार दिनों से उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी थी। शनिवार को खेत में गेहूं की सिंचाई के दौरान ग्रामीणों ने जब कुएं में मोटर डालने की कोशिश की, तो अंदर एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई।
शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए फॉरेंसिक टीम से वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने की अपील की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment