रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी, मल्लार कोचा से लापता भाई-बहन का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने रविवार को दोनों बच्चों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की ओर से दोनों बच्चों की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी किया गया है। इसमें अपील की गई है कि यदि ये बच्चे कहीं भी दिखाई दें, तो तुरंत हटिया डीएसपी के मोबाइल नंबर 8709911997 या धुर्वा थाना प्रभारी के नंबर 9771333475 पर संपर्क कर जानकारी दें।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम मल्लार कोचा स्थित घर से 7 वर्षीय अंश कुमार अपनी 6 वर्षीय बहन अंशिका कुमारी के साथ पास की दुकान से चूड़ा और ब्रेड लेने निकले थे। इसके बाद दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।
इधर, बच्चों के पिता सुनील कुमार ने आशंका जताई है कि उनके बच्चों को किसी ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। उन्होंने बताया कि घर से सड़क तक जाने वाली गली में कुछ लोग अक्सर नशे का सेवन करते हैं। उनका कहना है कि उन्हीं लोगों पर शक है, जिन्होंने बच्चों को अपने साथ ले लिया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Leave a comment