
कटकमसांडी/हजारीबाग: हजारीबाग जिले के प्रसिद्ध छड़वा डैम को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित छड़वा डैम के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी गंभीरता से जुट गया है। इसी कड़ी में उपायुक्त हेमंत सती ने छड़वा डैम परिसर का स्थल निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डैम परिसर का विस्तृत भ्रमण करते हुए प्रस्तावित बोटिंग सुविधा, पार्क निर्माण, बहुउद्देशीय भवन तथा पार्किंग स्थल के लिए चिन्हित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर कार्यों को जल्द मूर्त रूप दिया जाए, ताकि यह क्षेत्र पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दे सके।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी तथा कटकमसांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा कुमारी की उपस्थिति ने प्रशासनिक गंभीरता को और मजबूत किया।
उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैम के क्षतिग्रस्त गेट के निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाया जा सके और संरचना को मजबूत स्वरूप दिया जा सके।
प्रशासन का मानना है कि छड़वा डैम का पर्यटन स्थल के रूप में विकास न केवल हजारीबाग को नई पहचान देगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों के लिए भी नए अवसर पैदा करेगा। अधिकारियों की सक्रियता और दूरदर्शी सोच से अब छड़वा डैम आने वाले समय में हजारीबाग के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल होता नजर आ रहा है।
Leave a comment