
हजारीबाग। फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, हजारीबाग द्वारा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा के मरणोपरांत एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया। यह शोक सभा वरिय प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद के आवास मरियम टोली, डीपुगढ़ा में आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े डीलरों ने पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में मौजूद सभी लोगों ने ओंकार नाथ झा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद ने कहा कि ओंकार नाथ झा ने जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को राज्य से लेकर केंद्र स्तर तक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन को मजबूत बनाने और डीलरों की समस्याओं को उठाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके पास संगठन के लिए एक दूरदर्शी और सकारात्मक सोच थी, जिसने हजारों डीलरों को एक मंच पर जोड़ने का काम किया।
प्रदेश संगठन सचिव सह जिला महासचिव सुनील कुमार सिंहा ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ओंकार नाथ झा एक बेहद प्रभावशाली वक्ता, गहरी जानकारी रखने वाले व्यक्ति और उत्कृष्ट लेखक थे। उन्होंने बताया कि झा का निधन रांची स्थित समफोर्ड अस्पताल में हुआ, जबकि उनका अंतिम संस्कार दुमका जिला के श्मशान घाट में किया गया।
इस शोक सभा में शहरी क्षेत्र के कई डीलरों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में प्रमुख रूप से अर्चना सिंहा, चंदन कुमार, अशोक जायसवाल, खुर्शीद आलम, सोरेन पासवान, पूनम देवी, अशोक प्रसाद, सुनील आनंद, राजेश राम, टिंकु, रितु, गोलु, संजय सिंहा सहित अन्य कई डीलर उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी ने एक स्वर में कहा कि ओंकार नाथ झा का संघर्ष, नेतृत्व और संगठन के प्रति समर्पण हमेशा डीलरों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
Leave a comment