हजारीबाग। जिले के लिए गौरव का क्षण उस समय सामने आया जब Droupadi Murmu ने नई दिल्ली में आयोजित जल महोत्सव कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन से जुड़े कम्युनिटी लीडर्स को सम्मानित किया। इस मौके पर हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत कंचनपुर पंचायत की मुखिया पिंकी राणा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देशभर से जल जीवन मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों और सामुदायिक लीडर्स को आमंत्रित किया गया था। इसी क्रम में कंचनपुर पंचायत की मुखिया पिंकी राणा को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करना न केवल पिंकी राणा के लिए बल्कि पूरे हजारीबाग जिले और कटकमसांडी प्रखंड के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। उनके इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पिंकी राणा ने पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाने, जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास किए हैं, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के रूप में सामने आया है।
पिंकी राणा ने इस सम्मान को पंचायत की जनता और सहयोगी टीम को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी जनसेवा और विकास कार्यों के लिए प्रेरित करेगा।
Leave a comment