
हजारीबाग शहर के पैराडाइस रिसॉर्ट में सोमवार को केमिस्ट्री हब शिक्षण संस्थान की ओर से पूर्ववर्ती 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आदर्श युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला सहसचिव दयानंद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय की परीक्षा में केमिस्ट्री विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। केमिस्ट्री विषय में 99 अंक प्राप्त करने वाले छात्र मिथुन महतो तथा 98 अंक प्राप्त करने वाली छात्रा अंशु भारती को केमिस्ट्री हब परिवार की ओर से लैपटॉप प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर केमिस्ट्री हब के निदेशक बसंत मेहता ने कहा कि वर्तमान दौर में ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं। केमिस्ट्री हब शिक्षण संस्थान इन सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस विदाई समारोह में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के लगभग एक हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
मुख्य अतिथि गौतम कुमार ने कहा कि पहले जहां ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी कला संकाय को प्राथमिकता देते थे, वहीं अब विज्ञान संकाय के प्रति छात्रों का रुझान तेजी से बढ़ा है और वे बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वहीं मुख्य अतिथि दयानंद कुमार ने कहा कि जिले के सुदूरवर्ती गांव डाढ़ा से निकलकर बसंत मेहता ने शिक्षा के क्षेत्र में हजारीबाग जिले को नई पहचान दी है। आज केमिस्ट्री हब के माध्यम से एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर न केवल जिले बल्कि अपने गांव का भी नाम रोशन कर रहे हैं।
समारोह के दौरान 100 से अधिक विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में रंग भर दिया, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम का समापन सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।
Leave a comment