रांची: राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। समिति की ओर से सोमवार को रिम्स अस्पताल के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में निःशुल्क शीतल पेय वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस सेवा शिविर में दोपहर 3 बजे तक मरीजों, उनके परिजनों, नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस चालकों और राहगीरों सहित 1000 से अधिक लोगों को शीतल शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच लोगों को इस पहल से काफी राहत मिली।
रिम्स में दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना था कि अस्पताल के बाहर इस प्रकार की सेवा जरूरतमंदों के लिए किसी राहत से कम नहीं है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनसेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती संगीता अग्रवाल और श्रीमती नेहा सिंघानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा समिति के अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शरबत वितरण और सेवा कार्य में सहयोग किया।
समिति की इस पहल को स्थानीय लोगों, मरीजों और उनके परिजनों ने सराहनीय बताते हुए इसे समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
Leave a comment