गिरिडीह में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सीसीएल कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा के नेतृत्व में अधिकारियों और सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात छापेमारी कर कबरीबाद माइंस के समीप अवैध खनन का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, कबरीबाद क्षेत्र में सुरंग बनाकर अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था। तस्कर कोयला निकालकर उसे बाइक के जरिए बाहर ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर सीसीएल सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कई तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने लगभग एक दर्जन बाइक को जब्त कर लिया। मौके पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी भी दल-बल के साथ पहुंचे और कार्रवाई में सहयोग किया।
परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा ने बताया कि इस तरह का अवैध खनन न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि इसमें शामिल लोग अपनी जान को भी जोखिम में डालते हैं। उन्होंने कहा कि जब्त की गई बाइक को मुफ्फसिल थाना को सौंपा जाएगा और इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है और यह उसी अभियान का हिस्सा है।
Leave a comment