पाकुड़ ब्यूरो जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के खजुरडांगा गांव में 23 जनवरी को नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत का मामला अब पूरी तरह से सामने आ गया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्या कांड में गांव के ही युवक अल्बिनुस टुडू (19) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
घटना उस समय सामने आई थी, जब गांव के लोगों ने कूप (कुएं) में एक लड़की का शव तैरते हुए देखा। मृतका की पहचान बाहा मरांडी (14) के रूप में हुई। खबर मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी विनय कुमार के अलावा एसआई गौतम कुमार दास, अमरजीत मिश्रा, एएसआई सनातन मांझी और साधन कर्मकार शामिल थे।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मृतका के पिता बड़का मरांडी द्वारा थाना में आवेदन दिए जाने के बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर आरोपी अल्बिनुस टुडू की पहचान हुई।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मामला अवैध संबंध से जुड़ा हुआ था। बताया गया कि आरोपी ने सामाजिक बदनामी और अपने राज के खुलने के डर से नाबालिग लड़की की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को कूप में फेंक दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक उपस्थापन के बाद जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और पीड़िता को न्याय दिलाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा देने की मांग की है।
Leave a comment