रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र से फायरिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बालालौंग निवासी बबलू प्रसाद उर्फ बबलू सोनी के घर शुक्रवार देर रात करीब एक बजे अपराधियों ने सात राउंड फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि घटना का उद्देश्य केवल बबलू सोनी और उनके परिवार को डराना था। जानकारी के मुताबिक लगभग दस दिन पहले बालालौंग निवासी बबलू सोनी से राहुल सिंह गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी। वहीं पैसे नहीं देने पर विदेश से अलग-अलग नंबरों से उन्हें तीन-चार बार कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गयी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, बाइक पर सवार दो युवक घर के नजदीक आये और फायरिंग शुरू कर दी। वहीं घटना की सूचना अगली सुबह शनिवार को नगड़ी थाना को दी गयी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने जांच के दौरान बबलू सोनी के घर के पास से छह खोखे बरामद किये हैं। वहीं अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, लेकिन रात काफी और घना घना कोहरा होने के की वजह से पहचान संभव नहीं हो सकी।
इसके अलावा बालालौंग से कुछ दूरी पर बचेया रोड के पास एक खेत से काले रंग की बाइक बरामद की गयी है। पुलिस का मानना है कि फायरिंग करनेवाले अपराधियों ने इसी बाइक का इस्तेमाल किया होगा। और फायरिंग करने के बाद बाइक छोड़कर फरार हो गए होंगे। हालांकि बबलू सोनी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उससे पांच करोड़ की रंगदारी क्यों मांगी गयी है, इसकी छानबीन की जा रही है।
Leave a comment