ActiveJharkhandpatratupatratuRamgahRamgarh

अभिभावकों से प्राप्त शिकायतों के आलोक में उपायुक्त ने जवाहर नवोदय विद्यालय पतरातू का किया औचक निरीक्षण

Share
Share
Khabar365news

रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु

निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आने पर उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश, उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने का निर्देश
पतरातू्। अभिभावकों द्वारा प्राप्त विभिन्न शिकायतों के आलोक में उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, पतरातू का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्था, मेडिकल सेंटर, मेस, हॉस्टल, खेल मैदान, पुस्तकालय सहित विद्यालय की आधारभूत संरचनाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपस्थिति पंजी के अनुरूप कई शिक्षक विद्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। वहीं विद्यालय के प्राचार्य द्वारा भी उपस्थिति पंजी में आगामी दिनों की उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया। इस पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित सभी शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।

मेडिकल सेंटर की व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

मेडिकल सेंटर के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स उपस्थिति दर्ज करने के बावजूद कार्यस्थल से अनुपस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान पूर्वाह्न 11:30 बजे स्टाफ नर्स के कार्यस्थल पर पहुंचने की बात सामने आई। वहीं मेडिकल सेंटर की स्टॉक पंजी भी अद्यतन नहीं पाई गई। उपायुक्त ने संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण पूछने तथा मामले में जांच प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

खेल व्यवस्था में भी मिली कमियां

निरीक्षण के दौरान खेल शिक्षक विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। वहीं खेल कक्ष में आवश्यक खेल उपकरणों की भी कमी पाई गई। खेल मैदान के निरीक्षण के दौरान भी कई कमियां सामने आईं। उपायुक्त ने पाया कि विद्यार्थी बांस से बनाए गए गोल पोस्ट का उपयोग कर रहे हैं। इस पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को खेल सुविधाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मेस एवं हॉस्टल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

मेस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही मेस की स्टॉक पंजी भी अद्यतन नहीं थी। हॉस्टल के निरीक्षण के दौरान भी साफ-सफाई में कमी पाई गई। कई शौचालयों में पानी की उपलब्धता नहीं होने अथवा शौचालय खराब होने की शिकायत सामने आई। निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा इन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा था। उपायुक्त ने प्राचार्य को हॉस्टल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

छह माह से बंद फाउंटेन निर्माण कार्य पर मांगे दस्तावेज

विद्यालय में आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों की समीक्षा के क्रम में फाउंटेन निर्माण कार्य पिछले छह माह से बंद पाया गया। उपायुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फाउंटेन निर्माण से संबंधित सभी दस्तावेज, पंजी एवं अन्य अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्य में हुई प्रगति एवं विलंब के कारणों की जांच की जा सके।

पुस्तकालय में बुक इश्यू रजिस्टर का संधारण भी व्यवस्थित नहीं

पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान बुक इश्यू रजिस्टर का संधारण व्यवस्थित नहीं पाया गया। उपायुक्त ने पुस्तकालय की पुस्तकों के निर्गमन एवं वापसी का विधिवत रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया, ताकि पुस्तकों के गुम होने अथवा रिकॉर्ड में विसंगति की संभावना को रोका जा सके।

ड्रेस कोड एवं विद्यालयी अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान कई शिक्षकों के जींस एवं टी-शर्ट में विद्यालय आने का मामला भी सामने आया। उपायुक्त ने इसे विद्यालयी अनुशासन एवं निर्धारित ड्रेस कोड के अनुरूप नहीं मानते हुए विद्यालय प्रबंधन को सभी शिक्षकों एवं कर्मियों द्वारा निर्धारित नियमों एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री ऋतुराज ने विद्यार्थियों से भी सीधे संवाद किया और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष भोजन की गुणवत्ता में सुधार, रात के समय पढ़ाई के लिए विद्यालय की सुविधाएं उपलब्ध रखने, बेहतर मेडिकल सुविधाएं सहित विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव रखे।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्राचार्य को उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विद्यार्थियों को करियर एवं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए किया मार्गदर्शन

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उन्हें करियर काउंसलिंग एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं अपने लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

शिकायतों की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

औचक निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों से यह स्पष्ट हुआ कि अभिभावकों द्वारा की गई कई शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाई गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, रामगढ़ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने का निर्देश दिया है। समिति द्वारा विद्यालय में सामने आई विभिन्न अनियमितताओं एवं शिकायतों की विस्तृत जांच की जाएगी।

15 दिनों में व्यवस्था में सुधार का निर्देश

उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए 15 दिनों का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधा, स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन, समुचित चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक खेल व शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

औचक निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों एवं विद्यालय में पाई गई अनियमितताओं के आलोक में उपायुक्त ने प्राचार्य एवं सभी संबंधित शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य के कार्य प्रदर्शन को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, रामगढ़ को शिक्षा मंत्रालय को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया गया।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Categories

Calender

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  







Related Articles
ActiveJharkhandpatratupatratuRamgahRamgarh

पतरातू में ई-गवर्नेंस एक्सेस एवं डिजिटल लिटरेसी कार्यक्रम पर कार्यशाला आयोजित

Khabar365newsरिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु बाल विकास एवं सामुदायिक सशक्तिकरण के...

ActiveBreakingCrimeJharkhandpatratupatratuRamgahRamgarh

तालाब में जहर डालने से मछली मरी

Khabar365newsरिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु पतरातू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पालू...

ActiveJharkhandpatratupatratuRamgahRamgarh

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

Khabar365newsरिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन...

ActiveJharkhandpatratupatratuRamgahRamgarh

जय बाबा बुचा बांध ट्रस्ट ने सैकड़ो गरीब महिलाओं के बीच बाटी साड़ी

Khabar365newsरिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु पतरातू् स्थित बुचा बांध परिसर में...