
थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम की सक्रियता से वाहन समेत तीन आरोपी दबोचे गए, भोजपुर से अपहृता बरामद कर आरोपी भी गिरफ्तार
हजारीबाग। पदमा ओपी पुलिस ने अपराध एवं पशु चोरी के खिलाफ एक बार फिर जबरदस्त सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए चोरी की गाय बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट डिजायर वाहन संख्या JH01AR-9702 भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरही रोड के देवचंदा मोड़ से चोरी की गई गाय को वाहन में लादकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक के निर्देशानुसार पदमा ओपी प्रभारी पु०अ०नि० श्रवण कुमार के नेतृत्व में अलीनगर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान बरही की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट हटाकर चारों पैर रस्सी से बंधी एक चितकबरी गाय बरामद की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष गायों को पकड़कर वाहन से ले जाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मकबूल अंसारी, मो. शाबीर कुरैशी और मो. मिन्हाज के रूप में हुई है। तीनों के विरुद्ध बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 342/2026 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई।

वहीं पदमा ओपी कांड संख्या 335/2026 में पुलिस टीम ने बिहार के भोजपुर जिले से नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त सुरज सिंह उर्फ सुरज यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी को भी विधि-सम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई कर चोरी की गाय की बरामदगी, तीन आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपहृता को बरामद कर आरोपी को दबोचने में पदमा ओपी पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पूरी कार्रवाई में ओपी प्रभारी पु०अ०नि० श्रवण कुमार के नेतृत्व और पुलिस टीम की तत्परता महत्वपूर्ण रही।
छापामारी दल में पु०अ०नि० राजेश कुमार हाजरा, पु०अ०नि० संदीप कुमार, स०अ०नि० मोतीलाल देशवाली एवं रिजर्व गार्ड शामिल रहे। विशेष रूप से पु०अ०नि० संदीप कुमार की सक्रिय भूमिका ने पुलिस कार्रवाई को और प्रभावी बनाया। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि पदमा पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तत्परता के साथ कार्रवाई करने के लिए लगातार सक्रिय है।
Leave a comment