
हजारीबाग। पदमा ओपी क्षेत्र में चोरी की वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही समय में जबरदस्त खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी किए गए सामान की बरामदगी होने से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पदमा ओपी क्षेत्र के सुबह लाइन होटल के सामने स्थित मेराज अंसारी की गैरेज दुकान से 5 जैक, नट-बोल्ट खोलने वाली एक प्रेस मशीन चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आरोपी आर्यन राज उर्फ आर्यन कुमार मेहता (करीब 19 वर्ष), पिता अशोक कुमार मेहता, ग्राम सुजी, थाना पदमा ओपी, हजारीबाग को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी कर चोरी के सामान में से तीन जैक, एक प्रेस मशीन, जबकि एक अन्य आरोपी विक्रम कुमार मेहता के घर से दो जैक बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने पूर्व में चोरी की गई एक स्कूटी (JH 13J-6674) तथा घटना में प्रयुक्त लेमर मोटरसाइकिल (JH 02 AZ 4338) भी बरामद की है।
पूरे मामले में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई विशेष रूप से प्रशंसनीय रही। सूचना मिलते ही टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की और आरोपी तक पहुंचकर चोरी के सामान की बरामदगी सुनिश्चित की।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक के निर्देशन में पु0अ0नि0 श्रवण कुमार, पदमा ओपी प्रभारी, पु0अ0नि0 राजेश कुमार हजरा, पु0अ0नि0 संदीप कुमार, स0अ0नि0 राम महतो एवं सशस्त्र बल के जवानों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार की कार्यशैली, तत्परता और अपराध के खिलाफ उनकी सक्रियता की इलाके में सराहना की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पदमा पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई करने को तैयार है।
गिरफ्तार आरोपी को संबंधित कांड संख्या 350/2026, दिनांक 04 अक्टूबर 2026 के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें हजारीबाग थाना कांड संख्या 372/2024 का उल्लेख है।
Leave a comment