पाकुड़ ब्यूरो जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
महेशपुर। प्रखंड के जयनगरा पंचायत अंतर्गत नारायणपुर फुटबॉल मैदान में तीर-धनुष क्लब नारायणपुर के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में भवानीपुर की टीम ने चोपोक टोला को एक गोल से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी और केंद्रीय समिति के सदस्य पिंकु शेख शामिल हुए। आयोजकों की ओर से अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबला भवानीपुर और चोपोक टोला की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में भवानीपुर ने एक गोल की बढ़त बनाकर जीत दर्ज की। इसके बाद विजेता टीम को मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता चोपोक टोला की टीम को पिंकु शेख ने 20 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया।
इस मौके पर उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का माध्यम भी है। खेलों के माध्यम से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देती हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार किए जाने की आवश्यकता बताई।
मौके पर रद्दीपुर ओपी के सुरेश प्रसाद, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, लक्ष्मण मरांडी, राजेंद्र हांसदा, ललित हेंब्रम, साहेबराम मुर्मू, नसीर शेख, स्टीफन हांसदा, जनता हांसदा, देवेन हेंब्रम, फिलीमान हेंब्रम, क्लब अध्यक्ष राजेश मुर्मू, सचिव फिलिप हांसदा सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
Leave a comment