
चुरचू(हजारीबाग)। पुलिस की वर्दी में संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी ने एक भटके हुए व्यक्ति को उसके घर तक पहुंचाने की सराहनीय पहल की है। थाना क्षेत्र में भटकते हुए पहुंचे आजमगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी करीब 50 वर्षीय राजेंद्र सरोज, पिता राजधारी सरोज, ग्राम महुला डागरा, थाना जीयनपुर/रौनापार, जिला आजमगढ़ को चुरचू पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लिया।
बताया गया कि राजेंद्र सरोज के पास न तो पर्याप्त पैसे थे और न ही घर लौटने का कोई साधन। उनके पास केवल अपने घर का पता था। ऐसी परिस्थिति में थाना प्रभारी कुमार अश्विनी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पहले उनके भोजन-पानी की व्यवस्था कराई और उन्हें आवश्यक खर्च के लिए कुछ पैसे भी दिए।
इसके बाद पुलिस ने उनके लिए आजमगढ़ जाने वाली बस का टिकट बनवाया और उन्हें सुरक्षित रूप से बस में बैठाकर घर के लिए रवाना किया। पुलिस की इस पहल से राजेंद्र सरोज के चेहरे पर राहत और संतोष साफ नजर आया।
थाना प्रभारी कुमार अश्विनी की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की क्षेत्र में सराहना हो रही है। इस पूरे मामले ने यह साबित किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था ही नहीं, बल्कि मुसीबत में फंसे लोगों के लिए सहारा और मददगार भी बन सकती है।
चुरचू पुलिस की इस पहल ने “पुलिस सेवा, सुरक्षा और सहयोग” की भावना को सार्थक करते हुए मानवता का एक सुंदर संदेश दिया है।
Leave a comment