
जनसेवा एवं क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रयास से हजारीबाग मेन रोड की जर्जर स्थिति एवं जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मती का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। विधायक के निर्देश एवं पहल पर विधायक टीम , भाजपा कार्यकर्ताओं तथा विधायक प्रतिनिधियों के सहयोग से NH मेन रोड पर मरम्मती कार्य शुरू किया गया है।

मेन रोड की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को हो रही परेशानी को देखते हुए तत्काल आवश्यक मरम्मती कार्य प्रारंभ कराया गया है। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के समीप भी सड़क मरम्मती का कार्य प्रगति पर है। इससे स्थानीय लोगों एवं अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि हजारीबाग की अन्य जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का भी सर्वे कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद हजारीबाग की खराब सड़कों के पुनर्निर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मतीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कराया जाएगा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “जनसेवा के लिए सदैव तत्पर हूँ। हजारीबाग की जनता को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।”
स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मती कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रति आभार जताया।
Leave a comment