झारखंड में 70 करोड़ रुपये की लागत से 800 नए शौचालय बनाए जाएंगे। जिनमें 700 सामान्य शौचालय और 100 सामुदायिक/सार्वजनिक शौचालय एवं यूरिनल शामिल हैं। यह शौचालय राज्य के सभी निकायों में बनाये जाएँगे. स्वच्छ भारत मिशन के तहत राज्य के सभी 48 निकायों में स्वच्छता को एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग इस अभियान में पांच मुख्य गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेगा, इनमें नागरिक भागीदारी और जागरूकता बढ़ाना, खुले में शौचमुक्त स्थिति को बनाए रखना, अपशिष्ट प्रबंधन और नई परियोजनाओं का क्रियान्वयन, एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में फिकल स्लज प्रबंधन और स्वच्छता से संबंधित अन्य प्राथमिकताएं शामिल है।
इसमें करीब 10 करोड़ रुपये की राशि नागरिक जागरूकता और पहुंच बढ़ाने पर खर्च की जाएगी, जिसके तहत मोहल्ला सभाओं, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर लोगों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। एक लाख से कम आबादी वाले छोटे शहरों में फिकल स्लज और उपयोग किए गए पानी का वैज्ञानिक उपचार किया जाएगा, जिससे सेप्टिक टैंक और गंदे पानी से निकलने वाले अपशिष्ट का सुरक्षित शोधन सुनिश्चित होगा, और इस योजना पर भी लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
Leave a comment