महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली शिव बारात के दौरान झारखंड के लातेहार जिले में बड़ा हंगामा हो गया। मनिका थाना क्षेत्र के पचफेड़ी के पास रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार वाहन ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। घटना के समय सड़क पर शिव बारात की झांकियां देख रहे श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि थार मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी। वाहन को गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे कथित तौर पर नशे की हालत में थे और उनके साथ एक महिला भी वाहन में सवार थी।
भीड़ के बीच घुसी थार ने पहले एक बाइक और फिर एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने जब वाहन पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड और अंदर ‘प्रशासन’ लिखा देखा तो उनका गुस्सा और भड़क उठा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझदारी दिखाते हुए प्रमोद कुमार को भीड़ से सुरक्षित निकालकर वाहन समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि प्रमोद कुमार पहले से ही विवादों में रहे हैं। राज्य सरकार ने 4 नवंबर 2025 को उन पर पैसों के लेनदेन, कार्यालय में शराब सेवन और आम लोगों से दुर्व्यवहार जैसे आरोपों के आधार पर कार्रवाई की थी। इससे पहले भी उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक मामला सुर्खियों में रहा था, जब उनकी पत्नी श्यामा रानी ने सरकारी आवास में उन्हें एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था।
Leave a comment