
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पाकुड़ नगर मंडल अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 425, 426 एवं 427 के सेठ हिरदुमल पब्लिक स्कूल शक्ति केंद्र की बैठक रविवार को रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शक्ति केंद्र संयोजक सुशील साहा ने की।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल लर्निंग तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित शक्ति केंद्र के अंतर्गत तीन बूथ हैं और प्रत्येक बूथ पर नियमित रूप से बूथ समिति की बैठक आयोजित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ पालन करने का आह्वान किया।
अमर कुमार बाउरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को नियमित रूप से सुनने तथा सरल ऐप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
बैठक में भाजपा के जिला प्रभारी निवास मंडल, नगर मंडल अध्यक्ष सोहन मंडल, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सम्पा साहा, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय तथा पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय सहित शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Leave a comment