पतरातू। पीटीपीएस स्थित पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के आवासीय कार्यालय में पतरातू प्रखंड स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन सह पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कांग्रेस से उनका निष्कासन रद्द होने के बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-माला और बुके देकर उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष देवानंद प्रसाद ने की, जबकि संचालन अमित साहू ने किया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से हर बूथ तक पहुंचकर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने कहा कि विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई पहले भी लड़ी है और आगे भी हर स्तर पर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो विस्थापितों के हित में फिर जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, मंत्री राधाकृष्ण किशोर और मंत्री इरफान अंसारी रसदा गांव पहुंचकर विस्थापितों की समस्याएं सुनेंगे। इन मुद्दों को कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करना होगा। इस दौरान दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिनका नेताओं ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a comment