हजारीबाग जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक महोदय को मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पेलावल ओपी प्रभारी (पु०अ०नि०) बिट्टू रजक की अगुवाई में पुलिस टीम ने एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना क्षेत्र में हुई इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी बिट्टू रजक की सजगता, दूरदर्शिता और त्वरित एक्शन की स्थानीय लोगों में जमकर सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल चालक अवैध नशीले पदार्थ की तस्करी करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिट्टू रजक के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने त्वरित घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 13.20 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पीयूष कुमार (उम्र 20 वर्ष), पिता अशोक दांगी, साकिन गिद्धौर ब्लॉक मोड़, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (सं० JH02AB-0905), एक OPPO कंपनी का मोबाइल और एक काले-भूरे रंग का पिट्ठू बैग भी जब्त किया है। इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना में कांड संख्या 121/26, दिनांक 23-07-2026 दर्ज करते हुए धारा 21(b)/22(b)/29 NDPS Act के तहत मामला पंजीकृत किया गया है और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी सफल और साहसिक कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) अरमानुल हक, पेलावल अंचल के पु०नि० सपन महथा, पेलावल ओपी प्रभारी पु०अ०नि० बिट्टू रजक, पु०अ०नि० राजदीप कुमार,पु०अ०नि० संजय खालको, पु०अ०नि० श्यामजीत किस्कू, तथा आरक्षी 1209 सुधीर कुमार राय एवं आरक्षी 1558 दसुआ उरांव की सराहनीय और मुस्तैद भूमिका रही। क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में थाना प्रभारी बिट्टू रजक की यह कार्रवाई मिसाल बनकर उभरी है।
Leave a comment