जामताड़ा : जामताड़ा शहर के दुमका रोड से कक्षा 7 का 13 वर्षीय छात्र तेजस कुमार शुक्रवार सुबह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो उनके मामा सूरज कुमार ने जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में मामा सूरज कुमार ने बच्चे के पिता जो हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी गांव के निवासी हैं पर अपहरण की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में बच्चे की मां की हत्या उसके पिता द्वारा कर दी गई थी। इस दुखद घटना के बाद से ही तेजस अपने दो अन्य भाई के साथ जामताड़ा स्थित मामा के घर में रह रहा था।
शुक्रवार सुबह लगभग 8:30 बजे तेजस घर से अचानक गायब हो गया। आवेदन मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस हरकत में आ गई है और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर बच्चे को खोजने में जुट गई है। लापता बच्चे के मामा सूरज कुमार और परिजनों ने आम जनता से बच्चे को खोजने में मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने अपील की है कि यदि यह बच्चा कहीं भी दिखाई दे, तो तुरंत परिजनों या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
लापता बच्चे के परिजनों ने सूचना देने के लिए 9006077701 मोबाइल नंबर भी जारी किया है।
Leave a comment