हजारीबाग। 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में CID ने हजारीबाग के दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया है। दोनों से मामले के विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, CID की टीम ने जांच के दौरान मिले इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए दोनों भाइयों से परीक्षा प्रक्रिया, चयन से जुड़े तथ्यों और अन्य संबंधित बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में राज्य के कई जिलों में CID द्वारा छापेमारी की गई थी। इसी जांच के क्रम में कुछ अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। जांच एजेंसी इन्हीं तथ्यों को आधार बनाकर मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
गौरतलब है कि 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर लंबे समय से अनियमितता और गड़बड़ी के आरोप लगते रहे हैं। मामले की जांच CID कर रही है और हाल के दिनों में जांच की रफ्तार तेज हुई है।
फिलहाल CID अधिकारियों की ओर से हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Leave a comment