
हजारीबाग। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुव्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाने को लेकर हजारीबाग पुलिस ने ठोस पहल शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर की उपस्थिति में शहर के प्रमुख मार्गों पर वन-वे (One Way) यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए यातायात प्रभारी अनूप प्रसाद लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे यातायात पुलिस बल के साथ प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण कर व्यवस्था को दुरुस्त बनाने में जुटे हैं।
इसी क्रम में पुराने बस स्टैंड से झंडा चौक जाने वाले मार्ग पर बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक एवं बंशीलाल चौक तक पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के साथ यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों के आवागमन, वन-वे व्यवस्था के अनुपालन तथा जाम की समस्या को नियंत्रित करने के विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया। यातायात प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रियता और मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करने की पहल से यातायात संचालन को व्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस की गंभीरता साफ झलक रही है।
इन मार्गों पर लागू रहेगी वन-वे व्यवस्था
- बंशीलाल चौक से गाड़ीखाना चौक तक: इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। वाहन चालक बुढ़वा महादेव चौक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- बुढ़वा महादेव चौक से बंशीलाल चौक तक: इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। वाहन चालक गाड़ीखाना चौक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- गाड़ीखाना चौक से बुढ़वा महादेव चौक तक: इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। वाहन चालक बंशीलाल चौक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित वन-वे यातायात व्यवस्था का पूरी तरह पालन करें। विपरीत दिशा से वाहनों का प्रवेश न करें तथा यातायात पुलिस एवं मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें।
शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच वन-वे व्यवस्था लागू करना जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यातायात प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रिय निगरानी और पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयास से उम्मीद जताई जा रही है कि शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और आम लोगों को अनावश्यक जाम से राहत मिलेगी।





Leave a comment