रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु
दिनांक 15 नवंबर 2026 को पीटीपीएस स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, पतरातू मंडल के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा पतरातू मंडल अध्यक्ष गणेश कुमार ठाकुर ने की, जबकि मंच का संचालन रणधीर कपूर ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा नेता सह कटिया बस्ती पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, वीरता, त्याग एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर आदिवासी समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गणेश कुमार ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान से देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि 15 नवंबर का दिन झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। हमें अपने वीर महापुरुषों के आदर्शों पर चलते हुए झारखंड की संस्कृति, परंपरा और गौरव को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुकेश कुमार, सुनील कुमार, दिलीप कुमार, अरुण यादव, विशाल चौरसिया, आकाश कुमार, प्रीतम कुमार, सीतांशु गुप्ता, करण कुमार सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा झारखंड के विकास, एकता और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।





Leave a comment