हजारीबाग। टाटीझरिया थाना क्षेत्र में अपहरण कर फिरौती वसूलने के सनसनीखेज मामले में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी अनुसंधान एवं रणनीतिक छापेमारी के जरिए मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया। इस कार्रवाई में टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार की सक्रियता, नेतृत्व क्षमता एवं अपराधियों के विरुद्ध तत्पर कार्रवाई की सराहनीय भूमिका रही।
घटना के अनुसार, बीते 9 सितंबर 2026 को टाटीझरिया थाना क्षेत्र के पानिमाको जंगल में वादी पंचम महतो का अपहरण कर लिया गया था। अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर पंचम महतो एवं उनके साथ काम करने वाले फीटर रामलाल हांसदा को अगवा कर फिरौती की मांग की थी। अपहरणकर्ताओं ने 10 सितंबर की सुबह दो लाख रुपये लेकर दोनों को छोड़ दिया था। इस घटना को लेकर पीड़ित पंचम महतो ने 10 सितंबर को टाटीझरिया थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए तकनीकी अनुसंधान एवं लगातार छापेमारी की। पुलिस की सघन कार्रवाई के परिणामस्वरूप पहले छोटू किस्कू उर्फ घोलला एवं रामलाल हांसदा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। इसी कड़ी में 25 नवंबर 2026 को रामलाल मंडांडी, पिता मोतीलाल मंडांडी, निवासी मसरीतरी, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी रामलाल मंडांडी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय इस्तेमाल किए गए चितकबरा रंग के कपड़े तथा मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CB8170 बताया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध विष्णुगढ़, बगोदर (गिरिडीह) एवं चतरोचट्टी (बोकारो) थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक लुक हांसदा, पुलिस अवर निरीक्षक लक्ष्मण सिंह एवं टाटीझरिया थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी पुलिसिंग, मजबूत सूचना तंत्र और त्वरित अनुसंधान का उदाहरण माना जा रहा है। अपहरण जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त आरोपियों को लगातार गिरफ्तार कर जेल भेजने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता मजबूत हुई है। पुलिस की इस तत्परता से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बचकर निकलना आसान नहीं है।
टाटीझरिया पुलिस की इस शानदार कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।





Leave a comment