रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु
पतरातू क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर बड़कागांव विधायक श्री रोशन लाल चौधरी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पतरातू में एक के बाद एक हुई आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल नजर आ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
विधायक श्री चौधरी ने विशेष रूप से अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री पर हुई फायरिंग की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि क्षेत्र में संचालित उद्योगों की सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। उन्होंने कहा कि जब औद्योगिक इकाइयों पर इस तरह के हमले होंगे, तो निवेशकों का विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है। दूसरी तरफ निमार्णाधीन पतरातु रेलवे फ़्लाई ओवर ब्रिज पर हुई आपराधिक घटना के कारण आज तक कंपनी के द्वारा काम बंद कर दिया गया है जिससे जनता परेशान हैं। समय पर इस फ़्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा हो जाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन को सुरक्षा मुहैया करना होगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश जाकर झारखंड में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य में संचालित कल-कारखानों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। ऐसी स्थिति में निवेशकों का भरोसा कायम रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
विधायक श्री चौधरी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पतरातू में हुई सभी आपराधिक घटनाओं की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता और उद्योग जगत दोनों में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।
Leave a comment