हजारीबाग

हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी की बाइक से लोहा चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 साल से फरार शातिर अपराधी भी दबोचा गया

Share
Share
Khabar365news

​हजारीबाग। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में हजारीबाग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अमन कुमार (भा०पु०से०) को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर सदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ चोरी की मोटरसाइकिल से लोहे की प्लेटें चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, बल्कि एक अन्य मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर, श्री अमित आनंद (भा०पु०से०) के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई, जिससे इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

​घटना के संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, दिनांक 17.05.2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्वाल टोली चौक स्थित अनिल यादव के निर्माणाधीन मकान से लोहे की प्लेटें चोरी कर ली गई हैं। चोर एक चोरी की हीरो होंडा मोटरसाइकिल (नंबर- बी०आर०-14डी0 5819) पर उन भारी प्लेटों को लादकर एक कबाड़ी दुकान में बेचने की फिराक में थे। इस सूचना का सत्यापन करते हुए सदर थाना के पुलिस पदाधिकारियों द्वारा तुरंत मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक आरोपी सुरेन्द्र भुईयाँ (उम्र 34 वर्ष, पिता-स्व० चरकु भुईयाँ, निवासी-बाली बोदरा, थाना-चुरचु) को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

​गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी सुरेन्द्र भुईयाँ से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने कौनिया गाड़ा स्थित एक कबाड़ी दुकान पर छापा मारा। वहाँ से पुलिस ने चोरी की गई मकान निर्माण की दो पीस लोहे की प्लेटें (करीब 1×7 आकार की) बरामद कीं। इसके साथ ही चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी दुकान के मालिक राजेन्द्र प्रसाद (उम्र 56 वर्ष, पिता-डेगलाल प्रसाद, निवासी-बभनबैय, थाना-मुफसील) को भी दबोच लिया गया। इस मामले में सदर थाना काण्ड सं0-130/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2)/317(2)/317(5)/3(5) के तहत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

​इसी अभियान के दौरान पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी तब मिली जब पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध गोष्ठी में दिए गए निर्देशों के आलोक में पुराने मामलों के फरार आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। SDPO अमित आनंद के नेतृत्व में सदर पुलिस ने संपत्ति मूलक अपराध के एक पुराने मामले (सदर थाना काण्ड सं0-247/23, दिनांक-07.06.2023, धारा-393/34 भा०द०वि०) में वर्ष 2023 से फरार चल रहे शातिर अपराधी श्रीकांत सिंह (उम्र-26 वर्ष, पिता-श्री हरेन्द्र सिंह, निवासी-कदमा, थाना-कटकमदाग) को दिनांक 18.05.2026 को गिरफ्तार कर लिया। इस शातिर आरोपी को भी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

​इस पूरी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने वाले छापामारी दल में SDPO श्री अमित आनंद के साथ सदर थाना प्रभारी पु०नि० चन्द्रशेखर कुमार, पु०अ०नि० श्रवण कुमार, पु०अ०नि० अजीत कुमार और सदर थाने के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे। हजारीबाग पुलिस की इस त्वरित और दोहरी कार्रवाई की स्थानीय जनता जमकर सराहना कर रही है। 

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Categories

Calender

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  







Related Articles
हजारीबाग

पदमा में चोरी की वारदात का पुलिस ने किया जोरदार खुलासा, दो गिरफ्तार; चोरी के टेंपू और पंप मोटर बरामद

Khabar365newsहजारीबाग। पदमा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और...