जामताड़ा से कपिल देव दास की रिपोर्ट।
जामताड़ा: छठ महापर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि छठ व्रतियों की आस्था का सम्मान करें और जिला प्रशासन द्वारा अधिसूचित छठ घाटों पर ही पूजा करें। अन्य घाटों पर पूजा करने की स्थिति में इसकी सूचना नजदीकी थाना को अवश्य दें।
उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर निम्नलिखित निर्देशों का पालन करने की अपील की है—
- छठ घाटों पर पूजा स्थल की मार्किंग प्रशासन या पूजा समिति के माध्यम से ही कराएं और दूसरे के पूजा स्थल पर अतिक्रमण न करें।
- घाटों पर शराब, नशीले पदार्थ, पान-गुटखा का सेवन तथा इधर-उधर थूकना प्रतिबंधित रहेगा।
- नदी एवं तालाब के गहरे पानी में जाकर पूजा न करें। प्रशासन द्वारा लगाई गई लाल झंडी एवं सुरक्षा मार्किंग को पार न करें।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी न करें तथा छोटे बच्चों को अपनी निगरानी में रखें।
- घाटों पर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला या जागरण के आयोजन के लिए नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
- ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें।
- किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। लावारिस सामान को न छुएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या प्रतिनियुक्त अधिकारियों को दें।
- घाटों पर आने-जाने के दौरान धैर्य रखें और कतारबद्ध होकर चलें। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय विशेष सावधानी बरतें।
- प्रशासन एवं पूजा समिति द्वारा प्रतिनियुक्त कर्मियों और स्वयंसेवकों का सहयोग करें।
- अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। रास्तों को अवरुद्ध न करें।
- घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से सुरक्षा संबंधी सूचनाएं एवं चेतावनियां प्रसारित करते रहें तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक मार्ग पहले से चिह्नित रखें।
आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
- पुलिस सहायता: डायल 112
- अग्निशमन सहायता: 112
- फायर स्टेशन जामताड़ा: 9304953448
- जिला नियंत्रण कक्ष: 9470591069
- जिला नियंत्रण कक्ष: 06433-222245
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि छठ महापर्व को श्रद्धा, भक्ति और आपसी सहयोग के साथ मनाएं तथा सुरक्षा नियमों का पालन कर प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग दें।





Leave a comment