भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय संथाल दौरे पर देवघर और दुमका पहुंचे हैं। सोमवार सुबह उन्होंने दुमका स्थित प्रसिद्ध बासुकीनाथ धाम में परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि बाबा से देश की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की है। बासुकीनाथ धाम को फौजदारी बाबा के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन के बाद बासुकीनाथ धाम में माथा टेकने से पूजा पूर्ण मानी जाती है। मंदिर परिसर में पहुंचने पर दुमका के निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वे देवघर के तपोवन पहाड़ का निरीक्षण करेंगे, जहां चुनावी बुनियादी ढांचे की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:00 बजे तपोवन स्थित मोहनानंद प्लस-2 उच्च विद्यालय में बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ बैठक एवं संवाद करेंगे। दोपहर 12:00 बजे मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत का कार्यक्रम है। वहीं दोपहर 1:20 बजे देवघर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इससे पहले रविवार दोपहर देवघर एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त सीधे विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे थे। वहां उन्होंने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर देश में शांति, सौहार्द और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने नौलखा मंदिर और एम्स देवघर का भी निरीक्षण किया, जहां मतदाता सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
Leave a comment