
चालक को आई नींद की झपकी, दो दिन पहले हुई थी बेटे की शादी; बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जामताड़ा से कपिल देव दास कि रिपोर्ट

मिहिजाम, 27 नवंबर। शादी की खुशियां और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की आस्था लेकर देवघर जा रहे एक परिवार का सफर शुक्रवार अहले सुबह हादसे में बदल गया। मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा के समीप चालक को नींद की झपकी आने से होंडा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में नवविवाहिता समेत कार में सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी शंभू बरनवाल (56), उनकी पत्नी ज्योति बरनवाल (50), पुत्र और नवविवाहिता बहू नंदिनी बरनवाल (28) कार से देवघर जा रहे थे। बताया जाता है कि शंभू बरनवाल के पुत्र की शादी महज दो दिन पहले हुई थी। शादी के बाद नवदंपती परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए देवघर रवाना हुआ था।
परिजनों के अनुसार, कार की स्टेयरिंग शंभू बरनवाल का पुत्र संभाल रहा था। शुक्रवार सुबह बेवा के समीप पहुंचते ही चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में नवविवाहिता नंदिनी बरनवाल के माथे पर गंभीर चोट आई है। उनके सिर में कई टांके लगाए गए हैं। वहीं, शंभू बरनवाल ने सीने में दर्द की शिकायत की है, जबकि उनकी पत्नी ज्योति बरनवाल भी दुर्घटना में चोटिल हुई हैं। कार में सवार परिवार के सभी चार सदस्यों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे की जानकारी मिलने पर अन्य परिजन भी शुक्रवार सुबह जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
शादी के महज दो दिन बाद धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के साथ हुए इस हादसे से परिजनों में चिंता और मायूसी छा गई है। खुशियों भरा सफर अचानक दुर्घटना में बदल जाने से परिवार के लोग सदमे में हैं।





Leave a comment