नशे के काले कारोबार के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए अपराधियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस कप्तान (एसपी) को मिली एक गुप्त सूचना के बाद, खाकी ने ऐसी चक्रव्यूह रची कि ब्राउन शुगर की डील कर रहे दो तस्कर मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिए गए। लोहसिंघना थाना क्षेत्र के झील परिसर में 3 नंबर झील की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर चल रहे इस अवैध खेल का पुलिस ने पूरी तरह भंडाफोड़ कर दिया है।
इस पूरे ऑपरेशन को हजारीबाग के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) श्री रूपक कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में अंजाम दिया गया। लेकिन ग्राउंड जीरो पर इस मिशन को कामयाब बनाने में लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा और पु०अ०नि० सत्यम गुप्ता समेत पूरी टीम ने अद्भुत जांबाजी दिखाई। जैसे ही टीम को ग्रीन सिग्नल मिला, थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा की अगुवाई में पुलिस ने जाल बिछाया और अपराधियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। पु०अ०नि० सत्यम गुप्ता, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडे और पु०अ०नि० मिथिलेश कुमार की चौकसी ने तस्करों के भागने के सारे रास्ते बंद कर दिए। इस छापामारी में स०अ०नि० ओम प्रकाश, स०अ०नि० अरविन्द कुमार मिश्रा और लोहसिंघना थाना रिजर्व गार्ड व सैट के जवानों ने भी रीढ़ की हड्डी की तरह काम किया, जिसकी बदौलत यह बड़ा ऑपरेशन शत-प्रतिशत सफल रहा।
पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई में मौके से कुल 6.28 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके साथ ही तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक चमचमाती स्पोर्ट्स ‘R15’ मोटरसाइकिल, नशीले पदार्थों को तोलने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल कांटा और डीलिंग के लिए प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो० वाजिद अंसारी (उम्र 21 वर्ष, निवासी- कोलघटी मस्जिद के पास, लोहसिंघना, हजारीबाग) और मो० वसीम आलम (उम्र 20 वर्ष, निवासी- बनहे सिमरिया, चतरा) के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मो० वाजिद अंसारी का पहले से ही खौफनाक आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही लोहसिंघना थाना में कांड सं0-244/2022 के तहत हत्या के प्रयास (धारा-307) और गंभीर पोक्सो एक्ट (08/12 POCSO Act) जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने इस नए मामले में तत्परता दिखाते हुए लोहसिंघना कांड सं0-59/2026 के तहत कड़े NDPS Act (धारा 21(b)/29) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है। थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा और उनकी टीम ने साफ कर दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी जारी है। इस बड़ी कामयाबी के लिए हजारीबाग की जनता पूरी पुलिस टीम की जमकर सराहना कर रही है।
Leave a comment