
कटकमसांडी (हजारीबाग)। समाज में बढ़ते नशे और साइबर अपराध के खतरे को देखते हुए कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, कटकमसांडी पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा समाज पर पड़ने वाले इसके गंभीर असर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उन्हें नशे एवं अपराध से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल और प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशामुक्त समाज का निर्माण करना तथा साइबर अपराध और महिला-बाल सुरक्षा के प्रति उन्हें सजग बनाना था। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
Leave a comment