जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया हांडीपाड़ा में रविवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं, जबकि काला धुआं आसमान में कई किलोमीटर तक फैल गया। मिली जानकारी के अनुसार, रिहायशी इलाके में अमित साव के घर के बाहर स्थित एक खाली प्लॉट में फलों के लिए उपयोग किए जाने वाले प्लास्टिक के हजारों खाली कंटेनर रखे थे। अचानक आग लगने से प्लास्टिक कंटेनरों ने तेजी से आग पकड़ ली और कुछ ही देर में लपटें विकराल हो गईं। आग की चपेट में खड़ी एक चारपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि पास में खड़ी एक स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है।
भीड़ जुटी, पुलिस और दमकल ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। बाद में अग्निशमन दल की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया। दिनेश यादव ने बताया कि दो वाहन पूरी तरह जल चुके हैं। उन्होंने कहा कि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन पीड़ितों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।
आग के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग किन परिस्थितियों में लगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, हालांकि स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
Leave a comment