रांची। OBC आरक्षण समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में बंद और चक्का जाम का आह्वान किया गया है। केंद्रीय पिछड़ा जाति संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलनकारी सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में सरकारी नौकरियों में OBC आरक्षण, राजनीतिक भागीदारी और PESA कानून के तहत अधिकार शामिल हैं। इसके अलावा जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम रखने की मांग भी उठाई जा रही है।
पिछड़ा वर्ग संगठनों का कहना है कि कुछ जिलों में जिला स्तरीय सरकारी नियुक्तियों के आरक्षण रोस्टर में OBC और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण शून्य रहने से समाज में नाराजगी है। संगठनों ने आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व की मांग की है।
बंद से पहले सोमवार शाम कई इलाकों में मशाल जुलूस निकाले गए थे। आज कई स्थानों पर बाजार बंद कराने और सड़कों पर प्रदर्शन की खबर है। गुमला और खूंटी में यातायात प्रभावित होने तथा कुछ प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति भी सामने आई है।
प्रशासन ने बंद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है। आंदोलनकारियों की ओर से बंद को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की अपील की गई है। मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई है।
Leave a comment