हजारीबाग: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। झारखंड पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दारू थाना क्षेत्र के पुनाईटांड़ स्थित एक राशन जनरल स्टोर में चल रहे अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया गया।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 22 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब की खरीद-बिक्री करते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन कुमार (पिता– रूपलाल महतो) के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब बरामद की, जिनमें 500 ML से लेकर 180 ML तक के दर्जनों बोतल शामिल हैं। बरामद शराब में Royal Challenge, 8 PM Premium Black, Sterling Reserve B7, Iconic White और Mc Dowell’s जैसे ब्रांड शामिल हैं। इस संबंध में दारू थाना कांड संख्या 28/26 के तहत BNS की धारा 272/292 एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरे अभियान की अगुवाई कर रहे थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की भूमिका बेहद सराहनीय रही। उनकी तेज नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय और क्षेत्र में सक्रिय निगरानी के कारण यह कार्रवाई पूरी तरह सफल रही। स्थानीय लोगों में भी पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सकारात्मक संदेश गया है और कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
छापेमारी टीम में एसआई फुलचंद खाखा, हवलदार मोतीलाल महतो, चालक साकिल अंसारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने पूरी निष्ठा और साहस के साथ इस अभियान को सफल बनाया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a comment