
यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रियता से नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता भी तेज

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 10 जुलाई 2026 को छड़वा नो-एंट्री पोस्ट के समीप विशेष वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) ने किया, जबकि यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद अपनी टीम के साथ पूरे अभियान के दौरान सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
इस विशेष अभियान के लिए 3 पुलिस पदाधिकारियों एवं 10 गृहरक्षकों की टीम गठित की गई थी। टीम ने छड़वा नो-एंट्री पोस्ट पर सघन वाहन जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलने वाले 124, ट्रिपल लोडिंग करने वाले 36, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वाले 4 तथा नो-पार्किंग नियम का उल्लंघन करने वाले 79 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों का चालान काटा गया। कुल 243 वाहनों पर कार्रवाई कर नियम तोड़ने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान केवल चालान ही नहीं काटे गए, बल्कि वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का नियमों का पालन करना आवश्यक है।
यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रिय कार्यशैली और लगातार चलाए जा रहे सघन जांच अभियानों का असर अब जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नियमित कार्रवाई के कारण नियम तोड़ने वालों में हड़कंप है, वहीं आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment