हजारीबाग महिला थाना में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना परिसर में पहुंची एक युवती ने थाना प्रभारी से मुलाकात से पहले ही जहर खा लिया। युवती की हालत बिगड़ते देख थाना में मौजूद कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। मामला शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला थाना के सभी कर्मी हरकत में आ गए। युवती को बिना देरी किए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल युवती की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह चिकित्सकों की निगरानी में है।
अस्पताल में पूछताछ के दौरान सामने आया कि पीड़िता बड़कागांव थाना क्षेत्र के हरलि गांव की रहने वाली है। उसने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर ली है और वर्तमान में रांची स्थित रिम्स में रहकर एमएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
परिजनों से बातचीत में गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों के अनुसार, युवती के एक साथी ने लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी का प्रलोभन देकर उसका यौन शोषण किया। बाद में जब शादी की बात आई तो आरोपी ने युवती को छोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बावजूद इसके, पिछले कुछ समय से युवती मानसिक तनाव से जूझ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना के बाद महिला थाना की पुलिस कर्मी से लेकर थाना प्रभारी तक शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में युवती की देखभाल करते नजर आए। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवती के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment