राँची । St. Xavier’s School, Doranda में वार्षिक अंतर्विषयक प्रदर्शनी ‘UDGAM 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। “The World We Inherited • The World We Shape • The World We Create” विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नवाचार, बौद्धिक क्षमता एवं भविष्य के प्रति उनकी दूरदृष्टि का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।
प्रदर्शनी का उद्घाटन फादर सुपीरियर Rev. Fr. Sudhir Kumar, S.J. द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर सीनियर सेक्शन के उप प्राचार्य Fr. Ravi Bhushan Xess, S.J., जूनियर सेक्शन के उप प्राचार्य Fr. Kuldeep Linda, S.J., Br. Irenius Beck, विशिष्ट अतिथिगण, निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
‘उद्गम’ अर्थात एक नई शुरुआत, विचारों का जन्म और संभावनाओं का विस्तार। इसी भावना को साकार करते हुए विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों के बीच समन्वय स्थापित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, साहित्य, कला, पर्यावरण, सूचना प्रौद्योगिकी, वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र से संबंधित अनेक आकर्षक मॉडल एवं परियोजनाएँ प्रस्तुत की गईं।
विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों एवं परियोजनाओं के माध्यम से समकालीन चुनौतियों, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास, प्राचीन सभ्यताओं, सामाजिक परिवर्तन तथा भविष्य की संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी विषय संबंधी गहरी समझ, आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण की शैली, तार्किक चिंतन एवं नवाचारी विचारों ने उपस्थित अतिथियों और निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
प्रदर्शनी के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में Nirmala College से Ms. Nisha Kumari, Mrs. Ajita Chatterji एवं Ms. Vijaya Jyoti Ekka तथा St. Xavier’s Inter College से Ms. Jyoti Angeline Khalko, Mr. Anupam Abhishek Singh एवं Mr. Ashish Anand उपस्थित रहे। सभी निर्णायकों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक था।
विद्यार्थियों की प्रतिभा से प्रभावित हुए अतिथि एवं निर्णायक
अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने विद्यार्थियों की मेहनत, मौलिकता, विषयों की गहन समझ, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुतीकरण कौशल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विद्यार्थियों ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका वास्तविक उद्देश्य ज्ञान को व्यावहारिक जीवन से जोड़ना, समस्याओं का समाधान खोजना और नई संभावनाओं का निर्माण करना है।
प्रदर्शनी की सफलता में शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, विद्यार्थियों के अथक परिश्रम तथा विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
UDGAM 2026 ने अनुभवात्मक एवं अंतर्विषयक शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासु, सृजनशील, संवेदनशील, जिम्मेदार एवं नवाचारी नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
प्रदर्शनी ने समाज को एक सार्थक संदेश दिया—
“विरासत में मिले संसार का चुनाव भले ही हमने नहीं किया हो, लेकिन आने वाली पीढ़ियों के लिए हम कैसा संसार छोड़कर जाएँगे, यह तय करने में हमारी महत्वपूर्ण भूमिका है।”





Leave a comment