
थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह की सक्रियता से पुलिस को मिली बड़ी सफलता, करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गृहभेदन (चोरी) के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी जाफर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई ने एक बार फिर मुफस्सिल पुलिस की सक्रियता और त्वरित अनुसंधान को सामने रखा है।
बताया गया कि 15 सितंबर 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सखिया निवासी जिन्नत प्रवीण के बंद घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 157/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुअनि बिंदेश्वर महतो सहित थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार जाफर अंसारी, पिता मोहिम अंसारी, निवासी तुरांव, थाना मुफस्सिल, हजारीबाग की निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखे गए चोरी के सभी सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए। पूछताछ में आरोपी ने इस कांड में अपने एक साथी मो. फिरोज अंसारी उर्फ सोनू के शामिल होने की बात बताई, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण तथा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनका वर्तमान अनुमानित मूल्य लगभग पांच लाख रुपये बताया गया है।
पूरी कार्रवाई में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका सामने आई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मौके से जुड़े तथ्यों को जोड़ते हुए संदिग्ध तक पहुंच बनाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी तथा चोरी के आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित की। प्रेस विज्ञप्ति में छापामारी दल में एसडीपीओ रूपक कुमार, थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुअनि बिंदेश्वर महतो, सअनि उषा कुमारी सहित तकनीकी शाखा एवं मुफस्सिल थाना सशस्त्र बल की भागीदारी दर्ज है।
मुफस्सिल पुलिस की यह कार्रवाई चोरी की घटनाओं के उद्भेदन को लेकर पुलिस की तत्परता और अपराधियों तक पहुंचने की प्रभावी कार्रवाई को दर्शाती है।
Leave a comment