
हजारीबाग। कोर्रा थाना पुलिस ने सिलेंडर चोरी के मामले का त्वरित अनुसंधान करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए दो गैस सिलेंडर बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को वादी राजीव रंजन के लिखित आवेदन के आधार पर उनके घर से पांच सिलेंडर चोरी होने के मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 168/26, धारा 331(3)/305 BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल कुंदन कुमार मलहार, पिता स्व. मनोज कुमार मलहार, निवासी सिंदूर थाना कोर्रा, जिला हजारीबाग को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक अपाची मोटरसाइकिल (JH02BT 1453) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त घटना के अतिरिक्त यूएनएस विद्यालय, सिंदूर, हजारीबाग में भी अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में उसके अन्य सहयोगियों के विरुद्ध विधिवत छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके विरुद्ध कोर्रा थाना में वर्ष 2023 और 2025 में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पूरे मामले में कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की विशेष रूप से सराहना की जा रही है। शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधान को आगे बढ़ाना, सूचना तंत्र को सक्रिय करना और आरोपी तक पहुंचकर चोरी का सामान बरामद करना पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है।
कोर्रा पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि चोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
Leave a comment