झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी कड़ी धूप तो कभी बादल देखने को मिल रहा है, वहीं रात में भी गर्मी लगनी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शनिवार 07 मार्च से 10 मार्च तक बदलते मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र कहना है कि दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। हालांकि तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है जिसका असर झारखंड में भी देखने को मिला। 08 मार्च को रांची सहित पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों से दूर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची में शुक्रवार को दिन का तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं रात का तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। राज्य में शुक्रवार को सबसे न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड कियागया।
मौसम विभाग के अगले पांच दिन के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। देवघर, धनबाद, दुमका और जामताड़ा में अगले कुछ दिनों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी तरह गोड्डा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
Leave a comment