हजारीबाग। जिले के लिए गौरव का क्षण उस समय सामने आया जब Droupadi Murmu ने नई दिल्ली में आयोजित जल महोत्सव कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन से जुड़े कम्युनिटी लीडर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत कंचनपुर पंचायत की मुखिया पिंकी राणा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देशभर से जल जीवन मिशन के अंतर्गत बेहतर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों और सामुदायिक लीडर्स को आमंत्रित किया गया था। इसी क्रम में कंचनपुर पंचायत में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए पिंकी राणा को यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि के पीछे कटकमसांडी प्रखंड प्रशासन की सक्रिय भूमिका भी रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा कुमारी के मार्गदर्शन और निगरानी में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जल जीवन मिशन को गति मिली। उनके नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे योजना का लाभ तेजी से ग्रामीण परिवारों तक पहुंच सका।
वहीं कटकमसांडी अंचल अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता की भूमिका भी काफी सराहनीय रही। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने में अहम योगदान दिया। जल संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को लेकर उनके सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन से पंचायत स्तर पर योजनाओं को मजबूती मिली, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आ रहा है।
राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान न केवल पिंकी राणा के लिए बल्कि पूरे हजारीबाग जिले और कटकमसांडी प्रखंड के लिए गर्व का विषय बन गया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
पिंकी राणा ने इस सम्मान को पंचायत की जनता, प्रखंड प्रशासन और सहयोगी टीम को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी जनहित में विकास कार्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।
Leave a comment