जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के परिसर में एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है। बताया जाता है कि उसी परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य जब सुबह केंद्र पहुंचीं, तो उन्होंने किशोरी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने आशंका जतायी है कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को स्कूल परिसर में फेंका गया है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है। पुलिस ने परिसर को सील कर दिया।
गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका
मृतका की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की के शरीर पर घसीटे जाने और हाथापाई के निशान हैं। स्थिति को देखते हुए लोगों ने आशंका जताई है कि पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
लोगों में आक्रोश, जांच तेज करने की मांग
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाने की तैयारी कर रही है, ताकि मौके से साक्ष्य जुटाए जा सकें और जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
Leave a comment